UP Assistant Professor Recruitment 2026: यूपी में 1,936 पदों पर भर्ती, 62 वर्ष तक के उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन


उत्तर प्रदेश में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने प्रदेश के डिग्री कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1,936 पदों पर भर्ती निकाली है। योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आयोग ने उम्मीदवारों की सुविधा के लिए आवेदन प्रक्रिया में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य किया है। इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को OTR की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद वे भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

11 अक्टूबर तक आवेदन में करेक्शन

आवेदन पत्र जमा करने के बाद उम्मीदवारों को उसमें सुधार करने का अवसर भी दिया जाएगा। जारी जानकारी के अनुसार, आवेदन में करेक्शन करने की अंतिम तारीख 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन जमा करने से पहले नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता, श्रेणी और अन्य जानकारियां सावधानीपूर्वक जांच लें।

असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की लिखित परीक्षा 19 और 20 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम, एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र की जानकारी आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

क्या होनी चाहिए शैक्षणिक योग्यता?

असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ उम्मीदवार का NET, SLET या SET परीक्षा पास होना आवश्यक है।

पीएचडी डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकेंगे। आरक्षित वर्ग और दिव्यांग उम्मीदवारों को मास्टर डिग्री के न्यूनतम अंकों में पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी। उम्मीदवार विस्तृत विषयवार योग्यता के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन अवश्य पढ़ें।

अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष

इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को उत्तर प्रदेश सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

आरक्षण और आयु सीमा में छूट का लाभ लेने वाले उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान संबंधित प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने पड़ सकते हैं।

श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क

सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को 1,500 रुपये, जबकि दिव्यांग उम्मीदवारों को 1,000 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा।

हर महीने 1.82 लाख रुपये तक वेतन

चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स लेवल-10 के अनुसार 57,700 रुपये से 1,82,400 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्हें नियमानुसार अन्य सरकारी भत्तों और सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।

लिखित परीक्षा और इंटरव्यू से चयन

असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। भर्ती में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने से पहले UPESSC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन में विषयवार पदों, योग्यता, आरक्षण, परीक्षा पैटर्न और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी जरूर जांच लें।

BPSC TRE-4 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी: 32,388 शिक्षक पदों के लिए शुरू होगा आवेदन, अंतिम तारीख 25 अक्टूबर


बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण यानी TRE-4.0 के अंतर्गत 32,388 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आयोग ने विज्ञापन संख्या 15/2026 के तहत भर्ती से संबंधित आवश्यक सूचना जारी कर दी है।

इस भर्ती के माध्यम से बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों में अध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी। योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

25 सितंबर से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

बीपीएससी की ओर से जारी सूचना के अनुसार TRE-4.0 शिक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया 25 सितंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

अभ्यर्थी 26 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकेंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक या किसी तकनीकी समस्या के कारण आवेदन अधूरा न रह जाए।

BPSC TRE-4 की महत्वपूर्ण तारीखें

भुगतान प्रक्रिया शुरू होने की तारीख: 25 सितंबर 2026

आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख: 25 अक्टूबर 2026

ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तारीख: 25 सितंबर 2026

ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख: 26 अक्टूबर 2026

पुराना विज्ञापन किया गया रद्द

आयोग ने अपनी सूचना में स्पष्ट किया है कि 18 अगस्त 2026 को प्रकाशित विज्ञापन संख्या 14/2026 को रद्द करते हुए संशोधित अर्हता और अन्य आवश्यक जानकारी के आधार पर नया विज्ञापन जारी किया गया है। नई भर्ती प्रक्रिया अब विज्ञापन संख्या 15/2026 के अनुसार संचालित की जाएगी।

ऐसे में पहले जारी विज्ञापन के आधार पर तैयारी या आवेदन से संबंधित प्रक्रिया समझने वाले अभ्यर्थियों को नए विस्तृत विज्ञापन का अध्ययन करना जरूरी होगा। पात्रता, विषयवार रिक्तियां, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पद्धति और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी नए विज्ञापन के अनुसार ही मान्य होगी।

आवेदन से पहले पढ़ें विस्तृत विज्ञापन

बीपीएससी ने अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने से पहले आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन और आवेदन संबंधी दिशा-निर्देश सावधानीपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है। उम्मीदवारों को आवेदन में नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता, श्रेणी और अन्य विवरण सही दर्ज करने होंगे।

भर्ती से संबंधित विस्तृत सूचना, ऑनलाइन आवेदन लिंक और अन्य आधिकारिक अपडेट बीपीएससी की वेबसाइट www.bpsc.bihar.gov.in पर उपलब्ध कराए जाएंगे। अभ्यर्थियों को केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करना चाहिए।

क्या है BPSC TRE-4 शिक्षक भर्ती?

TRE-4 बिहार में विद्यालय अध्यापकों की नियुक्ति के लिए आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षा का चौथा चरण है। इस चरण में कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया प्रस्तावित है। आवेदन की विस्तृत शर्तें, विषय और कक्षावार रिक्तियों का विवरण आयोग के आधिकारिक विज्ञापन में देखा जा सकता है। भर्ती से जुड़े किसी भी बदलाव या नई सूचना के लिए उम्मीदवारों को बीपीएससी की वेबसाइट नियमित रूप से जांचते रहना चाहिए।

UP TGT-PGT भर्ती विवाद: सीएम योगी के बयान से अभ्यर्थियों में खुशी, लिखित आदेश तक आंदोलन जारी रखने का फैसला

उत्तर प्रदेश में टीजीटी (TGT) और पीजीटी (PGT) भर्ती की नई अर्हता नियमावली के विरोध में प्रतियोगी छात्रों का आंदोलन जारी  है। प्रयागराज के सिविल लाइन्स स्थित पत्थर गिरजाघर धरना स्थल पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पुरानी नियमावली के आधार पर भर्ती कराने की मांग कर रहे हैं। छात्रों का दावा है कि नियमों में अचानक किए गए बदलाव से सात लाख से अधिक युवाओं के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है।

मुख्यमंत्री के बयान को बताया पहली जीत

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री ने माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी से कहा है कि वह राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) को पत्र लिखकर आंदोलनरत अभ्यर्थियों को एक और अवसर देने का अनुरोध करें।

मुख्यमंत्री के बयान की जानकारी मिलते ही छात्रों ने खुशी जताई और उनके समर्थन में नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने इसे अपने आंदोलन की पहली जीत बताया। हालांकि, उनका कहना है कि सरकार की ओर से लिखित आदेश या स्पष्ट आश्वासन मिलने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

लिखित आदेश मिलने तक जारी रहेगा प्रदर्शन

धरने में छात्रों का समर्थन करने पहुंचे कोचिंग शिक्षक डॉ. राम मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री के बयान से अभ्यर्थियों में सकारात्मक माहौल बना है। इससे स्पष्ट है कि छात्रों की मांग शासन के शीर्ष स्तर तक पहुंच गई है। आमरण अनशन पर बैठे रोशन सरोज, मीना देवी, प्रवीण कुमार और शिमला पटेल ने भी मुख्यमंत्री के बयान पर खुशी व्यक्त की।

डॉ. राम मिश्रा ने कहा कि छात्रों के मन में अभी भी आशंका बनी हुई है। जब तक शिक्षा विभाग या सरकार की ओर से लिखित आदेश जारी नहीं किया जाता, आंदोलन समाप्त करना उचित नहीं होगा। छात्रों को अब माध्यमिक शिक्षा मंत्री अथवा शिक्षा निदेशालय से आधिकारिक और लिखित आश्वासन मिलने की प्रतीक्षा है।

अपर शिक्षा निदेशक कार्यालय का किया था घेराव

इससे पहले आंदोलन के 14वें दिन प्रदर्शनकारियों ने अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) कामता राम पाल के कार्यालय का घेराव किया था। नगर मजिस्ट्रेट, एसीपी सिविल लाइन्स और थाना प्रभारी की मौजूदगी में छात्रों ने ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी।

अभ्यर्थियों के विरोध के बाद अपर शिक्षा निदेशक ने शासन को पत्र भेजकर उनकी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया। इस मामले में प्रमुख सचिव, मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त और प्रयागराज के जिलाधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजे जाने की बात सामने आई है।

नई योग्यता से कई अभ्यर्थियों के बाहर होने का दावा

माध्यमिक शिक्षा विभाग ने 16 सितंबर 2025 को जारी सरकारी गजट के माध्यम से टीजीटी और पीजीटी के विभिन्न विषयों के लिए नई योग्यताएं निर्धारित की थीं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे वर्षों से पुरानी नियमावली के अनुसार तैयारी कर रहे थे, लेकिन अचानक हुए बदलाव के कारण बड़ी संख्या में उम्मीदवार आगामी भर्ती से बाहर हो सकते हैं।

प्राविधिक कला, संगीत, हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान और प्रवक्ता पदों के नॉन-बीएड अभ्यर्थी इस बदलाव से विशेष रूप से प्रभावित बताए जा रहे हैं। आंदोलनकारियों की मांग है कि प्रस्तावित UP TGT-PGT भर्ती के लगभग 24 हजार पदों का विज्ञापन पुरानी अर्हता नियमावली और पुराने परीक्षा पैटर्न के आधार पर जारी किया जाए।

क्या है UP TGT-PGT भर्ती विवाद?

यह विवाद मुख्य रूप से आगामी शिक्षक भर्ती में लागू होने वाली शैक्षणिक योग्यता और बीएड की अनिवार्यता से जुड़ा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि नई व्यवस्था को अचानक लागू करने के बजाय पुराने नियमों से तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को कम से कम एक अंतिम अवसर मिलना चाहिए। फिलहाल मुख्यमंत्री की पहल से समाधान की उम्मीद बढ़ी है, लेकिन आंदोलनकारी अंतिम निर्णय और लिखित आदेश जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

UPHESC : Uttar Pradesh के 194 कॉलेजों में होगी Assitant Professors की भर्ती, यह है पूरी प्रक्रिया और आवेदन से जुड़ी अहम जानकारी

 


उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि सात अगस्त और आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की है। ऑनलाइन आवेदन शुल्क आठ अगस्त तक जमा किया जा सकेगा।


प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या-51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई। प्रदेश के 194 अशासकीय कॉलेजों में 34 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 917 पदों पर भर्ती होगी। असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 917 पदों में सहशिक्षा महाविद्यालयों में 756 पद और महिला महाविद्यालय में 161 पद हैं। 



उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि सात अगस्त और आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की है। ऑनलाइन आवेदन शुल्क आठ अगस्त तक जमा किया जा सकेगा। सामान्य वर्ग, अर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आवेदन शुल्क दो-दो हजार रुपये और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क एक-एक हजार रुपये निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ शपथ पत्र भी देना होगा, जिसका प्रारूप आयोग की ओर से जारी विज्ञापन में उपलब्ध है।


आयोग के सचिव दयानंद प्रसाद के अनुसार जिन विषयों में भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं, उनमें हिंदी, बीएड, रसायन विज्ञान, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास, उद्यान विज्ञान, उर्दू, एशियन कल्चर, कृषि अर्थशास्त्र, गणित, गृह विज्ञान, चित्रकला, दर्शनशास्त्र, पशुपालन एवं दुग्ध विज्ञान, प्राचीन इतिहास, प्राणि विज्ञान, भूगोल, भौतिक विज्ञान, मनोविज्ञान, मानव शास्त्र, राजनीति विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, वाणिज्य, विधि, शारीरिक शिक्षा, शिक्षा शास्त्र, संगीत गायन, संगीत तबला, संगीत सितार, संस्कृत, समाजशास्त्र, सांख्यिकी, सैन्य विज्ञान विषय शामिल हैं। 


रिक्त पदों को भर्ती में शामिल करने के लिए सीएम को ट्वीट

युवा मंच के प्रतिनिधियों ने सीएम को ट्वीट कर मांग की है कि महाविद्यालयों एवं माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पड़े पदों को भी शिक्षक भर्तियों के मौजूदा विज्ञापन में शामिल किया जाए। युवा मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह ने सीएम को ट्वीट कर दावा किया है कि अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 17 हजार पद और अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में 27 हजार पद खाली हैं। इसके बावजूद उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर के 917 पदों और माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग ने टीजीटी-पीजीटी के तकरीबन चार हजार पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन निकाला। सीएम से मांग की गई है कि रिक्त पदों को मौजूदा भर्तियों में शामिल किया जाएगा, ताकि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ सकें।

20 अगस्त को होगी PET 2021 की लिखित परीक्षा | Navchetana Academy

लखनऊ । उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रीलिमिनरी एलिजिबल टेस्ट यानी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 20 अगस्त को कराने का फैसला लिया गया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज भर्ती व चयन आयोगों के अध्यक्षों के साथ हुई बैठक में UPSSSC के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। पीईटी की लिखित परीक्षा सभी 75 जिलों में होगी। बड़ी संख्या में आवेदक होने की वजह से परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। 

इसमें 20 लाख 73 हजार 540 अभ्यर्थी शामिल होंगे। चूंकि, लिखित परीक्षा दो पालियों में होगी, इसलिए क्वेश्चन पेपर के कठिनाई के स्तर को समान रखने के लिए नॉर्मलाइजेशन की व्यवस्था लागू होगी। यह परीक्षा दो घंटे में संपन्न होगी। इसमें 100 के मल्टीपल च्वाइस क्वेश्वन (MCQ) टाइप की लिखित परीक्षा में निगेटिव मार्किंग लागू है। हर गलत जवाब पर 1/4 अंक कटेंगे। आयोग अगस्त में पीईटी कराने के बाद दो महीने में रिजल्ट देकर अक्टूबर में 25 से 30 हजार रिक्त पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा करा सकता है।